सिर से सिर टकराया, फिर धक्का-मुक्की! मैदान पर भिड़े यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो

कोलंबो, भारत-श्रीलंका टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच तीखी बहस हुई। दोनों के सिर टकराए और धक्का-मुक्की भी हुई। ICC कार्रवाई कर सकता है।

कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन उस समय माहौल गरमा गया, जब भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच कहासुनी हो गई। यशस्वी 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

यशस्वी ने 53 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 45 रन बनाए। पारी के 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर असिथा फर्नांडो ने उन्हें बोल्ड कर दिया। लेंथ गेंद पर यशस्वी बैकफुट से पंच लगाने गए, लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे स्टंप्स से जा टकराई।

आउट होने के बाद बढ़ा विवाद
यशस्वी का विकेट लेने के बाद असिथा फर्नांडो ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। इसके बाद जब यशस्वी पवेलियन की ओर लौट रहे थे, तब दोनों के बीच कुछ कहा-सुनी हुई।

बताया जा रहा है कि असिथा ने गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में निरोशन डिकवेला के साथ हुई यशस्वी की बहस की ओर इशारा करते हुए उन्हें विदाई देने जैसा इशारा किया। इसके बाद यशस्वी श्रीलंकाई खिलाड़ियों की ओर मुड़े और असिथा से उनकी बहस शुरू हो गई।

बहस के दौरान दोनों खिलाड़ियों के सिर आपस में टकराए और फिर एक-दूसरे को धक्का देने की कोशिश भी हुई। हालांकि, श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा और अन्य खिलाड़ियों ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। इस घटना पर ICC की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

यशस्वी अर्धशतक से चूके
यशस्वी ने आउट होने से पहले अच्छी बल्लेबाजी की और असिथा फर्नांडो की गेंदों पर तीन चौके भी लगाए। हालांकि, वह 45 रन पर अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। राहुल 11वें ओवर में लाहिरु कुमारा की गेंद पर निरोशन डिकवेला के हाथों कैच आउट हुए।

Next Post

2028 का इंडिया ओपन गुवाहाटी में होगा

Mon Aug 24 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के सेक्रेटरी जनरल संजय मिश्रा ने रविवार को कहा कि 2028 इंडिया ओपन गुवाहाटी में होगा संजय मिश्रा ने कहा, “2028 इंडिया ओपन जनवरी के आखिरी हफ़्ते में होगा। टूर्नामेंट की तारीखें गणतंत्र दिवस के दौरान राजधानी में सुरक्षा इंतज़ामों से टकरा रही […]

You May Like