सरकार जैव विविधता के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध – यादव

भोपाल, 21 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने देश और प्रदेश में गिद्धों की संख्या में वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आज कहा कि सरकार जैव विविधता के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ यादव ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, “गिद्धों को पसंद आया ‘अपना मध्यप्रदेश’… अत्यंत हर्ष का विषय है कि मध्यप्रदेश विलुप्त होती प्रजातियों के लिए उम्मीदों का नया बसेरा बन रहा है। मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों से प्रदेश में गिद्धों की संख्या में उत्साहजनक वृद्धि देखने को मिली है। प्रदेश में गिद्धों की संख्या 11,233 होना एक सुखद संकेत है।
बाघ, चीता और तेंदुआ स्टेट मध्यप्रदेश ‘जीव चराचर जंतु समाना’ की भावना को चरितार्थ करता है। हम जैव-विविधता संरक्षण हेतु प्रतिबद्ध हैं और अपने प्रयासों से प्रदेश को विभिन्न प्राणियों की अठखेलियों का सुरक्षित आंगन बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे। मध्यप्रदेश को इस उपलब्धि पर पुनः बधाई।”
बाघ और तेंदुआ के लिए बेहतर आवासीय स्थल होने के साथ ही मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के कूनाे राष्ट्रीय उद्यान में दो वर्ष पहले चीतों को फिर से बसाने की महत्वाकांक्षी योजना प्रारंभ की गयी है। देश में चीते लगभग पांच छह दशक पहले विलुप्त हो चुके थे। अब इन्हें दक्षिण अफ्रीकी देशों से लाकर बसाने के प्रयास प्रारंभ किए गए हैं। वर्तमान में कूनो में 20 से अधिक चीते हैं।

Next Post

डकैती की योजना बनाते छह बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा

Fri Feb 21 , 2025
हरदा, 21 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश में हरदा जिले की टिमरनी तहसील मुख्यालय पर पुलिस ने उत्तरप्रदेश के छह लोगों को डकैती की योजना बनाते हथियारों सहित पकड़ा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कल रात मुखबिर से सूचना मिली कि टिमरनी तहसील मुख्यालय पर स्थित राधा स्वामी सतसंग आश्रम के […]

You May Like