हैदराबाद | रणवीर सिंह स्टारर एक्शन स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी रिलीज के 12वें दिन एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में दर्ज हो गया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने हिंदी कलेक्शन के मामले में अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ के 836.09 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए हिंदी में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है। अब यह फिल्म भारतीय सिनेमा की चौथी सबसे सफल फिल्म बन चुकी है और तेजी से घरेलू स्तर पर 1000 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े की ओर बढ़ रही है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 12वें दिन (दूसरे सोमवार) फिल्म के कलेक्शन में कार्यदिवस होने के कारण करीब 62.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। फिल्म ने सोमवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 25.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि दूसरे रविवार को इसने 69.10 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। इस गिरावट के बावजूद फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 872.17 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। थिएटरों में ऑक्यूपेंसी की बात करें तो हिंदी बेल्ट में यह 24 फीसदी रही, वहीं दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
वैश्विक स्तर पर ‘धुरंधर 2’ का दबदबा कायम है। ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने अब तक 350 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जिससे इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1392.23 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म की इस रफ्तार को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह जल्द ही 1400 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी। फिल्म के डे-वाइज आंकड़ों पर नजर डालें तो पहले वीकएंड पर इसने लगातार 100 करोड़ से ऊपर की कमाई की थी, जो इसकी ब्लॉकबस्टर सफलता की सबसे बड़ी वजह रही। रणवीर सिंह के अभिनय और स्पाई थ्रिलर प्लॉट ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाबी हासिल की है।

