किराना दुकान से 16 गैस सिलेंडर जब्त, युद्ध के डर से हो रही थी जमाखोरी

नीमच। अंतरराष्ट्रीय युद्ध संकट के कारण गैस सिलेंडरों की किल्लत की आशंका के बीच नीमच कैंट पुलिस ने शुक्रवार शाम बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्वालटोली स्थित एक किराना दुकान पर दबिश देकर अवैध रूप से जमा किए गए 16 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

कैंट पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्वालटोली में एक दुकानदार गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दुकानदार अशोक के ठिकाने पर छापा मारा, जहां से 14 घरेलू और 2 व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए।

युद्ध के डर से हो रही थी मुनाफाखोरी

विदेशी युद्ध संकट के चलते पिछले कुछ दिनों से जिले में एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। पुलिस के अनुसार, इस स्थिति का लाभ उठाकर मुनाफाखोर अवैध भंडारण और कालाबाजारी कर रहे थे। पुलिस ने सभी जब्त सिलेंडरों को कैंट थाने में सुरक्षित रखवाया है।

खाद्य विभाग को भेजी रिपोर्ट

कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण रोकने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। मामले की विस्तृत जानकारी खाद्य आपूर्ति विभाग को दे दी गई है ताकि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

आपूर्ति सुचारू रखने के लिए प्रशासन सख्त

हाल ही में पुलिस प्रशासन ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर वितरण व्यवस्था सुचारू रखने पर चर्चा की थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को गैस की कमी न हो, इसके लिए जमाखोरी करने वालों पर भविष्य में भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

आनंद होटल के वियर बार में हुआ तेज ब्लास्ट, एसी के उड़े परखच्चे

Sat Mar 14 , 2026
सीधी। शहर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के सामने आज शाम आनंद होटल के वियर बार में तेज ब्लास्ट होने और भवन के सामने शीशा के टुकड़ों के गिरने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इससे कोई हताहत नहीं हुआ। लोगों की काफी भीड़ होटल के सामने […]

You May Like