नयी दिल्ली, 07 मई (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल का औसत भाव टूट गया। चावल के साथ गेहूं में भी नरमी देखी गयी। चीनी की कीमत पिछले कारोबारी दिवस पर ही स्थिर रही जबकि दालों और खाद्य तेलों में घट-बढ़ का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 22 रुपये गिरकर 3,848 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 11 रुपये सस्ता हुआ और 2,780 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत भी नौ रुपये उतर गयी।
दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव रहा। उड़द दाल की औसत कीमत 36 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। तुअर दाल और चना दाल 30-30 रुपये गिर गयीं। मूंग दाल 19 रुपये सस्ती हुई। वहीं, मसूर दाल में पांच रुपये प्रति क्विंटल की तेजी देखी गयी। मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का जुलाई वायदा 41 रिंगिट गिरकर 4,538 रिंगिट प्रति टन रह गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.49 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में सरसों तेल औसतन 46 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। वनस्पति 41 रुपये और मूंगफली तेल 39 रुपये फिसल गया। सोया तेल की औसत कीमत 32 रुपये और सूरजमुखी तेल की 23 रुपये बढ़ गयी। पाम ऑयल 13 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 13 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। चीनी पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर पड़ी रही।

