
छतरपुर। जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। गुरुवार–शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की रात के तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस से 0.4 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार यह तापमान शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे रिकॉर्ड किया गया।
बीते 24 घंटों में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से मौसम लगभग स्थिर बना हुआ है और तापमान में केवल 1 से 2 डिग्री का ही अंतर आ रहा है। इसी वजह से लोगों को कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत महसूस हो रही है।
शुक्रवार सुबह आसमान साफ रहा और करीब 6 बजे सूरज निकलने के बाद दिनभर तेज धूप खिली रही। धूप के कारण ठंड का असर कम महसूस हुआ। सुबह के समय तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। वहीं, आर्द्रता का स्तर 88 प्रतिशत दर्ज किया गया और दृश्यता 1000 से 1200 मीटर के बीच रही।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी हल्के बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है। ऐसे में सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में धूप का सिलसिला बना रह सकता है।
