इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला गुणवत्ता निर्धारण समिति की बैठक कलेक्टर सभागृह में सम्पन्न हुई. बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने इंदौर जिले में चल रहे राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, अंधत्व निवारण कार्यक्रम, टीकाकरण, कुपोषण नियंत्रण केन्द्र, बाल एवं महिला मृत्यु दर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी विकास कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने जिले के स्वास्थ्य संस्थाओं में निर्माण एवं संधारण की प्रगति रिपोर्ट भी देखी.
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम को गंभीरता से लें. क्षय रोग मरीजों को अस्पताल आने से पहले ही उनका चिन्हांकन कर लिया जाए. क्षय रोग मरीजों के परिजनों के साथ-साथ उनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी स्क्रीनिंग की जाए. जिले में क्षय रोग के हॉटस्पॉट पर अधिकारी कार्ययोजना बनाकर कार्य करें.
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की गति बढ़ायी जाए. साथ ही लार्वा टीमों की संख्या भी बढ़ायी जाए. अंधत्व निवारण कार्यक्रम के वार्षिक लक्ष्य को तय समय-सीमा में प्राप्त करें. सभी शिक्षा संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जांच की जाए. बैठक में अपर कलेक्टर रोशन राय और रिंकेश वैश्य, जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी, जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र जैन, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. शांता स्वामी भार्गव, एडीएम निधि वर्मा, एसडीएम घनश्याम धनगर, संयुक्त कलेक्टर रोशनी पाटीदार, स्वास्थ्य अधिकारी तरुण गुप्ता, श्रम विभाग की अधिकारी श्रीमती मेघना भट्ट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें
