
इंदौर. विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में मध्यरात्रि शराब के नशे में सो रहे युवक के साथ बिस्तर खराब होने की बात पर जमकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि सफाईकर्मी, उसके सेठ और साथियों ने गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों और पाइप से हमला किया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने चार नामजद सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है.
थाना प्रभारी चंद्रकांट पटेल ने बताया कि फरियादी रोहित नरवाड निवासी स्थायी पता बीपीओ खेड़ी, थाना जुंडला, जिला करनाल हरियाणा हाल पता होटल ब्रुकलिन, पटेल बेकरी के पीछे, शीतल नगर है. फरियादी ने पुलिस को बताया कि देर की रात करीब 1.40 बजे वह शराब पीकर अपने कमरे में सो रहा था, इसी दौरान उसे उल्टी हो गई, जिससे बिस्तर खराब हो गया. इस पर उसका रूम पार्टनर पुरूषोत्तम चौधरी नीचे जाकर दूसरे बिस्तर की व्यवस्था करने के लिए होटल के सफाईकर्मी सोनु के पास गया. कुछ देर बाद सफाईकर्मी सोनु, उसका सेठ अंकुश तिवारी और देवी सिंह कमरे में आए और बिस्तर खराब करने को लेकर विवाद करने लगे. आरोप है कि तीनों ने फरियादी को अश्लील गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी. सफाईकर्मी सोनु ने झाड़ू के पाइप से, सेठ अंकुश तिवारी ने प्लास्टिक के पाइप से और देवी सिंह ने लकड़ी के डंडे से हमला किया. मारपीट में फरियादी की बाईं आंख, बाएं हाथ, पैर के घुटने के नीचे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे खून बहने लगा. इसी दौरान आरोपियों के अन्य साथी भी कमरे में आ गए और उन्होंने भी गाली गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
