पूर्ण सतर्कता और गंभीरता के साथ करें सुचितापूर्ण परीक्षाओं का संचालन

सतना। माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश द्वारा संचालित हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी की परीक्षायें 10 फरवरी से 7 मार्च तक आयोजित की जा रही है। सतना जिले में कुल 58 परीक्षा केन्द्र बनाये जाकर इनमें केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधियों की नियुक्ति की जा चुकी है। हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षा की तैयारियों और परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्थाओं के संबंध में मंगलवार को सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सतना जिले में सफल और सुचितापूर्ण परीक्षाओं के शांतिपूर्ण संचालन की परंपरा रही है। इस परंपरा को कायम रखते हुए पूर्ण सतर्कता और गंभीरता के साथ शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र में किसी भी अव्यवस्थाओं के लिए केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष को उत्तरदायी ठहराया जायेगा। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, एडिशनल एसपी शिवेश सिंह, सहायक संचालक सुधांशु शुक्ला सहित बीईओ, केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों में प्रकाश, बैठने की व्यवस्था, कमरे, फर्नीचर, प्रसाधन, समुचित पेयजल, प्राथमिक उपचार इत्यादि की सुनिश्चित व्यवस्था पूर्ण कर ले। आगामी दो दिन में सभी केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष अपने आवंटित परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थायें देख लें और जो भी कमियां हो बीईओ के समन्वय से उनकी पूर्ति कराये। सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि सभी केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष ने पूर्व में भी शांतिपूर्ण तरीके से बोर्ड की परीक्षायें संपन्न कराई है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में सभी व्यवस्थायें परिपूर्ण करें और निर्धारित समय पर गतिविधियों को पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से बताया गया कि सतना जिले में कुल 58 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किये गये है। जिनमें सभी केन्द्रों के लिए केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त कर आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। सतना जिले में 54 परीक्षा केन्द्र नियमित परीक्षार्थियों के लिए तथा 4 परीक्षा केन्द्र स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए बनाये गये हैं। इन केन्द्रों में 4 संवेदनशील और 6 अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्र है। बोर्ड की परीक्षा 10वीं में 18169 और कक्षा 12वीं 32541 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इस वर्ष गुडुहुरू में नया परीक्षा केन्द्र स्थापित किया गया है। संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों में प्रेक्षक नियुक्त किये जायेंगे और जैमर तथा सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे। माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश द्वारा निर्धारित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा की कार्यवाही संपन्न कराई जायेगी। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी जिला स्तर पर ई-दक्ष केन्द्र से की जायेगी। कलेक्टर प्रतिनिधि को मोबाइल ऐप की ट्रेनिग दी गई है। परीक्षा केन्द्र में कलेक्टर प्रतिनिधि और परीक्षा निरीक्षण दल के अलावा अन्य किसी भी व्यक्ति को मोबाइल, टैब, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रानिक डिवाइस रखने की इजाजत नहीं होगी। परीक्षा के दिनों में प्रातः 6 बजे कलेक्टर प्रतिनिधि केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष के साथ नजदीकी थाने में उपस्थित होंगे और अपनी सेल्फी अपलोड करेंगे। पूरी सुरक्षा के बीच थाने से प्रश्न पत्र के पैकेट प्रातः 7 बजे निकाले जायेंगे। परीक्षा कार्य में संलग्न सभी कर्मचारियों केन्द्राध्यक्ष के मोबाइल आलमारी में सील कर रखे जायेंगे। प्रातः 8.30 बजे तक कलेक्टर प्रतिनिधि प्रारूप 6 में जानकारी अपलोड करेंगे। प्रश्न पत्र के लिफाफे परीक्षा कक्ष में 8.50 बजे ही खोले जायेंगे और प्रातः 8.55 पर वितरित किये जायेंगे।

प्रश्न पत्रों के सेट ए, बी, सी, डी चार ग्रुप में होंगे और इसी क्रम में वितरित किये जायेंगे। परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थियों को प्रातः 8 बजे से 8.30 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थी को 8.40 बजे के पश्चात कदापि प्रवेश नहीं दिया जायेगा। पर्यवेक्षक को परीक्षा केन्द्र में प्रातः 8 बजे तक पहुंचना अनिवार्य होगा। पर्यवेक्षक अशासकीय विद्यालय से नहीं लिये जायेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने के 2 घंटे तक किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र से बाहर नहीं जाने दिया जायेगा और ना ही उत्तर पुस्तिका ली जायेगी। परीक्षा केन्द्र में एक ईमानदारी की पेटी भी रखी जायेगी। जिसमें कोई परीक्षार्थी यदि भूल से अनुचित सामग्री साथ में लाता है तो उसमें डाल सकेगा। परीक्षा केन्द्रों में बिजली, पंखा, प्रकाश की उचित व्यवस्था की जायेगी। केन्द्राध्यक्ष द्वारा जारी प्रवेश कार्ड सभी कार्यरत स्टाफ को लगाना होगा। बिना प्रवेश पत्र और अधिकृत डयूटी कार्ड के बिना कोई भी व्यक्ति परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं करेगा। विश्वसनीता, गोपनीयता भंग होने या किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलने पर केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष उत्तरदायी होंगे। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जिला स्तर पर कन्ट्रोल रूम भी बनाया गया है। जिसका दूरभाष क्रमांक 07672-351256 रहेगा। ई गवर्नेस के जिला मैनेजर योगेश तिवारी कलेक्टर प्रतिनिधियों को मोबाइल ऐप के प्रयोग की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षार्थियों को प्रातः 8 बजे परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना होगा।

Next Post

स्कूल के पास लगी पान मसाला की गोमती ननि ने हटाई

Wed Feb 4 , 2026
रीवा। निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देशानुसार विद्यालयों के आसपास स्वच्छता एवं छात्र सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में स्कूल के समीप संचालित तंबाकू, गुटखा एवं पान-मसाला के ठेले/गोमती को हटाने की कार्रवाई की गई. जिसमें पीके स्कूल के पूर्वी […]

You May Like