सतना : घरों में पुताई का काम करने वाले मजदूर का संदिग्ध परिस्थतियों में शव पाए जाने से सनसनी फैल गर्ई. अस्पताल में जांच करने पर उसे ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत धवारी के मल्लाहन टोला क्षेत्र में शाम के लगभग 5 बजे एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थतियों मेंं पड़ा दिखाई दिया.
जिसे देखते हुए आस पास के लोग उठाकर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए. जहां पर ड्यूटी डॉक्टर द्वारा जांच करने पर उसे ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया. मृतक की पहचान पिंटू चौधरी पिता रामाश्रय उम्र 35 वर्ष निवासी धवारी गली नंबर 4 के तौर पर हुई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. बिलखते हुए परिजनों ने बताया कि पिंटू लोगों के घरों में पुताई करने का काम करता था. हर रोज की तरह वह सोमवार की सुबह 10 बजे घर से काम करने के लिए निकला था.
करेंट लगने की आशंका
घटना के संबंध में जो जानकारी निकलकर सामने आई उसके अनुसार पिंटू द्वारा मल्लाहन टोला क्षेत्र में स्थित घर की पुताई का काम किया जा रहा था. संभावना जताई गई कि सोमवार को छत की पुताई करने के दौरान पिंटू छत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया होगा. करेंट की चपेट में आने के कारण नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई होगी. पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.
