गिरावट से उबरे शेयर बाजार, बैंकिंग-वित्तीय कंपनियों में लिवाली

मुंबई, 25 सितंबर (वार्ता) बैंकिंग, वित्तीय और वाहन कंपनियों में लिवाली से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आई। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 55 अंक नीचे 73,526 अंक पर खुला, लेकिन खुलते ही हरे निशान में आ गया। पूरे दिन इसमें उतार-चढ़ाव देखा गया और अंत में यह 315.20 अंक (0.43 प्रतिशत) चढ़कर 73,895.74 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 23 अंक की गिरावट में खुला, लेकिन अंत में 77.40 अंक यानी 0.34 प्रतिशत ऊपर 23,140.50 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों प्रमुख सूचकांक 1.6 प्रतिशत से अधिक टूट गए थे। वृहत बाजार में मिश्रित रुख देखा गया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.25 प्रतिशत फिसल गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.15 प्रतिशत की बढ़त में रहा।
सेक्टर आधारित समूहों में ऑटो, बैंकिंग, वित्त, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, एफएमसीजी, धातु और रियल्टी समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे। आईटी, मीडिया, फार्मा, स्वास्थ्य और तेल एवं गैस समूहों में बिकवाली हावी रही।

एनएसई आज जिन 3,647 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,924 के शेयर हरे निशान में और 1,592 के लाल निशान में रहे। अन्य 131 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 19 में तेजी रही। एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक 2.82 प्रतिशत चढ़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.24 फीसदी, एशियन पेंट्स में 1.93, बजाज फाइनेंस में 1.21, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.17, टाइटन में 1.01 और इंडिगो में 0.92 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर और टीसीएस के शेयर भी ऊपर रहे।

ट्रेंट में सबसे अधिक 1.41 प्रतिशत की गिरावट रही। इंफोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई, टाटा स्टील और इटरनल के शेयर भी नुकसान में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। चीन के शंघाई कंपोजिट में 1.22 प्रतिशत और हांगकांग के हैंग सेंग में 1.01 प्रतिशत की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.68 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.26 प्रतिशत ऊपर रहा।

.....

Next Post

गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ... नम आंखों से बप्पा को दी विदाई

Fri Sep 25 , 2026
इंदौर। गणेश उत्सव के अंतिम दिन शहर में भक्ति और भावनाओं का संगम देखने को मिला। घर-घर और पंडालों में विराजे बप्पा की विदाई पर भक्तों की आंखें नम हो गईं। किसी ने निर्मित कुंड में तो किसी ने घर पर ही विधि-विधान से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। आरती, […]

You May Like