बेंगलुरु, (वार्ता) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अपने गृह मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 52 वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
आरसीबी का गेंदबाजी आक्रमण भुवनेश्वर कुमार की अनुभवी गेंदबाजी और जोश हेजलवुड की जबरदस्त फॉर्म की बदौलत इस बार बहुत मजबूत दिख रहा है। दूसरी तरफ, सीएसके की टीम इस सीजन में न अच्छी बल्लेबाजी कर पा रही है और न ही गेंदबाजी में असर दिखा पाई है, जिससे उनके लिए आरसीबी को हराना आसान नहीं होगा।
इस सीजन में आरसीबी की गेंदबाजी पूरी रंग में दिखाई दे रही है और यही उनकी जीत की बड़ी वजह भी बनी है। भुवनेश्वर कुमार की स्विंग, जोश हेजलवुड की सटीक गेंदबाजी और क्रुणाल पांड्या के ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम को एक मजबूत गेंदबाजी इकाई बना दिया है। पिछले सीजन की गेंदबाजी की कमजाेरी इस बार नजर नहीं आ रही हैं। वहीं, सीएसके की गेंदबाजी इस सीजन में तालमेल नहीं बिठा पाई है, जिससे आरसीबी को कल के मुकाबले में जीत के लिए पुरानी लय बरकरार रखनी पड़ेगी।
हालांकि आरसीबी ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर लय में आयी है, लेकिन घर पर उनका प्रदर्शन कमजोर रहा है। इस सीजन में उन्होंने अपने चार में से तीन मेजबानी मैच हारे हैं। इसके बावजूद, बाहर के मैदानों पर उनका मजबूत प्रदर्शन और बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में गहराई उन्हें इस मुकाबले को दिलचस्प बनायेगी।
आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार ने इस सीजन टीम की कमान संभालते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं विराट कोहली ने भी इस बार अच्छी लय पकड़ ली है और देवदत्त पडिक्कल लगातार रन बना रहे हैं। ये तीनों बल्लेबाज आरसीबी की बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हो रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, सीएसके इस सीजन में खराब फॉर्म से जूझ रही है। टीम ने लगातार तीन मुकाबले हारे हैं और प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। इस बार एमएस धोनी की कप्तानी का अनुभव भी टीम के काम नहीं आया है। इसकी वजह उनकी गेंदबाजी है उनके गेंदबाज लगातार विकेट लेने में नाकाम रहे हैं।
सीएसके के अहम गेंदबाज मथीशा पथिराना और खलील अहमद फॉर्म से बाहर चल रहे हैं, जबकि स्पिन विभाग में रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ी होने के बावजूद धौनी की उम्मीद में खरे नहीं उतर पा रहे हैं।
सीएसके की बल्लेबाजी में गहराई तो है, लेकिन आक्रामकता की कमी के कारण टीम बड़े स्कोर बनाने या प्रभावी तरीके से लक्ष्य का पीछा करने में असफल रही है। सैम करन और डेवाल्ड ब्रेविस कुछ अच्छे फॉर्म में दिखाई दिये, लेकिन टीम निरंतरता बनाए रखने में संघर्ष करती रही है। आगामी मैच में सीएसके वापसी की कोशिश करेगा, लेकिन उनकी वर्तमान फॉर्म और आरसीबी की मजबूत गेंदबाजी को देखते हुए यह चुनौती सीएसके के लिए बहुत बड़ी होगी।
चिन्नास्वामी की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जो दोनों टीमों को बड़े स्कोर बनाने का मौका देगी। हालांकि, हल्की बारिश और तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, जिससे ओवरों में कटौती हो सकती है। ऐतिहासिक रूप से यहां पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को फायदा मिलता है, इसलिए टॉस इस मुकाबले में दोनों टीमों के लिए बहुत अहम होगा।
टीम के संयोजन के हिसाब से, आरसीबी अपनी विजयी टीम को बरकरार रख सकती है, जिसमें कोहली, पाटीदार और पांड्या बल्लेबाजी में मुख्य भूमिका निभाएंगे, जबकि गेंदबाजी में हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की मौजूदगी टीम को मजबूती देगी।
सीएसके के लाइनअप में बदलाव की उम्मीद की जा रही है, लेकिन टीम की उम्मीदें एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी, रविंद्र जडेजा और सैम करन की फॉर्म पर टिकी होंगी, जो टीम को मैच में जीत की दिशा की ओर ले जाने की कोशिश करेंगे।
आरसीबी स्पष्ट रूप से मजबूत टीम के रुप में देखी जा रही है और उनकी गेंदबाजी आक्रमण भी कहीं अधिक प्रभावी रही है, जिससे वे घरेलू मैदान पर एक जरूरी जीत हासिल करने के पसंदीदा माने जा रहे हैं।
