गांधी सागर बना चीतों का नया घर, नीलगाय बनी शिकार की पहली पसंद

नीमच: रामपुरा समीप गांधी सागर अभयारण्य में हाल ही में स्थानांतरित किए गए चीतों ने यहां के जंगलों को न सिर्फ अपनाया है, बल्कि यहां के वन्यजीवों खासकर नीलगायों को अपने शिकार के लिए पसंद भी किया है। अभयारण्य के अधिकारियों के अनुसार, ये चीते औसतन हर दूसरे दिन नीलगाय या अन्य शिकार को पकड़ रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य और अनुकूलन की स्थिति मजबूत होती दिख रही है।
चीतों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव-
कुनो नेशनल पार्क से स्थानांतरित किए गए इन चीतों के लिए गांधी सागर अभयारण्य एक उपयुक्त आवास साबित हो रहा है। शुरुआत में चिंता थी कि, क्या वे नए वातावरण में खुद को ढाल पाएंगे, लेकिन अब ये चीते न केवल जंगल में सक्रिय रूप से घूम रहे है, बल्कि खुले मैदानों में शिकार भी कर रहे है।
वन अधिकारियों के अनुसार, चीतों की शिकार करने की यह नियमितता इस बात का प्रमाण है कि उन्हें पर्याप्त भोजन मिल रहा है और वे अपने नए परिवेश में पूरी तरह सहज हो चुके है। वन मंडलाधिकारी मंदसौर संजय रायखेरे के अनुसार अभयारण्य में नीलगायों की संख्या अच्छी-खासी है, और चीतों ने उन्हें अपनी प्राथमिक शिकार सूची में रख लिया है। यह एक सकारात्मक संकेत है कि, वे बिना किसी बाहरी सहायता के जंगल में खुद को स्थापित कर रहे हैं।
शिकार की रणनीति और गतिविधियाँ-
ट्रैकिंग कॉलर और कैमरा ट्रैप की मदद से वन विभाग लगातार चीतों की गतिविधियों पर नज़र रख रहा है। प्राप्त आंकड़ों से पता चला है कि चीते अक्सर तडक़े सुबह या देर शाम शिकार करते है। नीलगायें, जो खुले घास के मैदानों में चरती हैं, चीतों के लिए आसान शिकार साबित हो रही हैं। इसके अलावा, कुछ मौकों पर चीतों ने चीतल और चिंकारा को भी निशाना बनाया है।
प्रोजेक्ट चीता की दिशा में एक और सफलता-
भारत में विलुप्त हो चुके चीतों को फिर से बसाने के लिए शुरू किए गए “प्रोजेक्ट चीता” को गांधी सागर में सफलता मिलती दिख रही है। कुनो के बाद गांधीसागर दूसरा ऐसा अभयारण्य बन गया है, जहां चीते प्राकृतिक रूप से शिकार कर रहे हैं और जंगल में स्वतंत्र रूप से विचरण कर रहे हैं।

Next Post

भाजपा सरकार समाज में नफरत फैला रही है: मदनी

Mon Jun 2 , 2025
आजमगढ़ 02 जून (वार्ता) जमीअत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने मदरसों के खिलाफ अभियान को गैर जरुरी बताते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार समाज में नफरत फैलाने की दिशा में काम कर रही हैं। मौलाना मदनी ने रविवार देर रात ‘मदरसा सुरक्षा सम्मेलन’ के […]

You May Like