मुंबई, 05 दिसंबर (वार्ता) बैंकिंग तंत्र में तरलता यानी नकदी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) 11 और 18 दिसंबर को दो बार में एक लाख करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां खरीदेगा।आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा में मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक के बाद जारी बयान में इसकी घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि इसके अलावा केंद्रीय बैंक डॉलर/रुपया खरीद/बिक्री स्वैप के तहत वाणिज्यिक बैंकों से तीन साल के लिए पांच अरब डॉलर खरीदेगा।
केंद्रीय बैंक ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 11 दिसंबर को 50,000 करोड़ रुपये और 18 दिसंबर को 50,000 करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूति खरीदेगा। उसने बताया कि डॉलर/रुपया स्वैप 16 दिसंबर को किया जायेगा। विज्ञप्ति में बताया कहा गया है कि तरलता और वित्तीय परिस्थितियों की समीक्षा के बाद रिजर्व बैंक ने यह फैसला किया है। इसमें कहा गया है कि रिजर्व बैंक आने वाले समय में तरलता और बाजार की परिस्थितियों की समीक्षा जारी रखेगा और तदनुसार आवाश्यक कदम उठायेगा।

