सलामतपुर। भोपाल से विदिशा के बीच सफर करने वाले यात्रियों और क्षेत्रीय निवासियों के लिए एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। स्टेट हाइवे-18 पर भानपुर (भोपाल) से लेकर सलामतपुर तक बनने वाले 44.83 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण की दिशा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। यह परियोजना न केवल क्षेत्र के आवागमन की तस्वीर बदलेगी, बल्कि स्थानीय किसानों और अर्थव्यवस्था के लिए भी नए अवसर लेकर आएगी।
भूमि अधिग्रहण की इस प्रक्रिया के तहत रायसेन जिले के सांची जनपद क्षेत्र के 15 गांवों की लगभग 128 एकड़ कृषि और अन्य भूमि अधिग्रहित की जाएगी। सबसे खास और राहत की बात यह है कि प्रभावित किसानों को उनकी जमीन का मुआवजा सरकारी गाइडलाइन दर से चार गुना अधिक दिया जाएगा। किसानों के बीच पहुंचे अधिकारी, दी पारदर्शी जानकारी परियोजना को पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमपीआरडीसी) के वरिष्ठ अधिकारी खुद मैदानी स्तर पर उतर चुके हैं। अधिकारी सांची
जनपद के प्रभावित गांव दीवानगंज, सेमरा, सुनारी सलामतपुर कवनारिया, रातातलाई और ढाकना चपना में पहुंचकर ग्रामीणों और किसानों के साथ सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्हें अधिग्रहण प्रक्रिया, मुआवजे के आकलन और मुआवजे के भुगतान की पूरी जानकारी दी जा रही है, जिससे ग्रामीणों में काफी उत्साह और संतोष का माहौल है।
1757.55 करोड़ की लागत से निखरेगा हाइवे-यह इन 15 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
सांची जनपद के जिन 15 प्रमुख गांवों की भूमि अधिग्रहित की जानी है, उनका ब्योरा इस प्रकार है: सुनारी सलामतपुर: 17.334 हेक्टेयर, टिगरा: 5.532 हेक्टेयर, ढकना चपना: 3.991 हेक्टेयर, राजातलाई: 3.768 हेक्टेयर, कुल्हाड़िया: 3.187 हेक्टेयर, कचनारिया: 1.714 हेक्टेयर, शाहपुरः 1.337 हेक्टेयर, दीवानगंजः 1.128 हेक्टेयर, लांबाखेड़ा: 0.564 हेक्टेयर, सेमरा: 0.520 हेक्टेयर, सुआखेड़ी: 0.225 हेक्टेयर, इसके अलावा, भोपाल जिले के सुखी सेवनिया क्षेत्र में 1.80 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण के लिए भी किसानों की भूमि का सर्वे कर अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पूरी परियोजना हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (एचएएम) पर आधारित है, जिसको कुल स्वीकृत लागत 1757 करोड़ 55 लाख है। इसके तहत वर्तमान में मौजूद दो-लेन सड़क को पेव्ड शोल्डर के साथ एक विश्वस्तरीय फोरलेन मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण के लिए 140 करोड़ का अतिरिक्त बजट प्रावधानित किया है, जिससे किसानों को किसी भी तरह की आर्थिक समस्या का सामना नः करना पड़े।
हादसों से मिलेगी मुक्ति, घटेगा ट्रैफिक का दबाव-
भोपाल के अयोध्या बाईपास स्थित भानपुर टी- जंक्शन से शुरू होकर सूखी सेवनिया, दीवानगंज और सलामतपुर होते हुए एनएच-146 सांची-सलामतपुर जंक्शन तक जाने वाला यह मार्ग अत्यंत व्यस्ततम मार्गों में से एक है।
