जबलपुर: चरगवां पुलिस ने हीरापुर और सोमती केनाल पर घेराबंदी कर अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 3 शातिर आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 140 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई है।नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि चरगवां पुलिस को सूचना मिली थी कि हीरापुर नाला के पास दो युवक भारी मात्रा में कच्ची शराब बेचने की फिराक में ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस की गाडिय़ों को देखकर दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन चारों तरफ से घेराबंदी कर अंशुल मरकाम (21) और श्रीराम बरकड़े (21) दोनों निवासी ग्राम मरहापाठा थाना बरगी को दबोच लिया गया । इनके पास मौजूद केनों की तलाशी लेने पर 70 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इसी प्रकार हीरापुर नाला की कार्रवाई के तुरंत बाद पुलिस पुलिस ने ग्राम सोमती केनाल के पास रेड मारी।
यहाँ से पुलिस ने अंकित कुमार गौंड़ (19), निवासी ग्राम मरहापाठा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अंकित के पास से भी दो बड़ी केनों में भरी 70 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने बताया कि तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 140 लीटर शराब जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है ।
