
सीधी। शहर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के सामने आज शाम आनंद होटल के वियर बार में तेज ब्लास्ट होने और भवन के सामने शीशा के टुकड़ों के गिरने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इससे कोई हताहत नहीं हुआ। लोगों की काफी भीड़ होटल के सामने जमा हो गई। विस्फोट इतना तेज था कि इसका धमाका करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ा।शाम करीब 7 बजे हुए तेज धमाका सुनकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और होटल के अंदर जाकर विस्फोट हुए कमरे का मुआयना किया। होटल स्टाफ ने बताया कि बंद कमरे के अंदर यह विस्फोट हुआ। कमरे को खोला गया तो अंदर लगे एसी के टुकड़े फैले हुए थे। एसी में विस्फोट होने की खबर फैलते ही एसी का उपयोग करने वालों में दहशत है।
