कबाड़ की दुकान में लगी आग, दमकल ने आसपास की दुकानें बचाईं

इंदौर: सुदामा नगर क्षेत्र में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भगवती द्वार के पास स्थित एक कबाड़ दुकान में अचानक आग भड़क उठी. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं. सूचना मिलते ही दमकल अमला मौके पर पहुंचा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.घटना सुबह करीब 8:15 बजे स्क्रैप व्यापारी जितेंद्र पिता कालूराम की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी. आग की चपेट में प्लास्टिक और कबाड़ का भारी सामान होने के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं.

धुआं उठता देख इलाके में दहशत फैल गई और लोग दुकानों से बाहर निकल आए. फायर ब्रिग्रेड के एसआई संतोष दुबे के नेतृत्व में दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, आग बुझाने के लिए करीब 10 हजार लीटर पानी का उपयोग किया. दुकान के ठीक समीप गजक, नमकीन और जूस की दुकानें होने के चलते स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी, लेकिन दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से रोक लिया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. दुकान संचालक के अनुसार आगजनी में दुकान के भीतर रखा अधिकांश माल जलकर खाक हो गया है. पुलिस और फायर विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है

Next Post

दो हादसों में चार की मौत: गुट विवाद के बाद कार की टक्कर, जामली में बाइक भिड़ंत बनी जानलेवा

Mon Feb 2 , 2026
इंदौर:बड़गोंदा थाना क्षेत्र में बीती रात हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई. एक ओर गवली पलासिया के पास गुटों के विवाद के बाद भाग रहे युवकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, वहीं दूसरी ओर जामली गांव […]

You May Like