दो हादसों में चार की मौत: गुट विवाद के बाद कार की टक्कर, जामली में बाइक भिड़ंत बनी जानलेवा

इंदौर:बड़गोंदा थाना क्षेत्र में बीती रात हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई. एक ओर गवली पलासिया के पास गुटों के विवाद के बाद भाग रहे युवकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, वहीं दूसरी ओर जामली गांव में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत ने दो जिंदगियां छीन लीं.
गवली पलासिया के पास विवाद के बाद हादसा
पुलिस के अनुसार पुष्पक रिसॉर्ट के पास रात करीब 11:30 बजे युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. हालात बिगड़ते देख एक गुट के लोग दूसरे गुट के पीछे दौड़ पड़े. इसी दौरान अजय चौहान, विकास चौहान और सुनील परमार उर्फ शेखर जान बचाने के लिए सड़क की ओर भागे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए. हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. विकास चौहान, निवासी मालवीय मोहल्ला की इलाज के दौरान गेटवेल अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अजय चौहान ने इंदौर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. तीसरे घायल सुनील परमार का उपचार जारी है. पुलिस विवाद की वजह और हमलावर गुट की पहचान में जुटी हुई है.
जामली में दो बाइकों की भिड़ंत, दोनों चालकों की मौत
इसी थाना क्षेत्र के ग्राम जामली में देर रात एक और भीषण सड़क हादसा हुआ. यहां दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान आशीष पिता प्रकाश और कमलेश पिता विष्णु शर्मा, निवासी परदेशीपुरा इंदौर के रूप में हुई है. बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है. चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए महू के सिविल अस्पताल भेजा है. मामले में जांच की जा रही है.

Next Post

भोपाल को मिल सकती है यूनिवर्सिटी टाउनशिप की सौगात: विकास के खुलेंगे कई नए रास्ते

Mon Feb 2 , 2026
भोपाल: केंद्रीय बजट में इस बार शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरी विकास जैसे विभिन्न सेक्टर्स पर विशेष ध्यान दिए जाने के बाद मध्य प्रदेश, खासकर राजधानी भोपाल के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलते नजर आ रहे हैं। बजट में घोषित योजनाओं के प्रभाव को देखते हुए माना जा रहा है […]

You May Like