नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक कार्रवाई को अंजाम दिया है। रोहिणी जिले की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 50 ग्राम हेरोइन (स्मैक) और तस्करी में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी बरामद की है।
उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को बताया कि इंस्पेक्टर अजमेर सिंह के नेतृत्व में एक टीम लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों की जानकारी जुटा रही थी। गत 23 सितंबर को शाम करीब 7:15 बजे, गश्त के दौरान, रोहिणी के सेक्टर 3 स्थित जय वीर छाप के पास पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने स्कूटी पर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से 50 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहित (27) के रूप में हुई है।
इस संबंध में दक्षिण रोहिणी पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हेरोइन के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

