इंदौर:पुलिस ने एक होटल में छापा मारकर नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मौके से नोट छापने का सामान, कलर प्रिंटर, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और विशेष कागज भी बरामद किया गया है. क्राईम ब्रांच ने यह कार्रवाई डीसीपी राजेश त्रिपाठी के निर्देशन में की. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अब्दुल शोएब, रहीश खान और प्रफुल्ल कुमार कोरी के रूप में हुई है. तीनों आरोपी प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के रहने वाले हैं.
पुलिस के अनुसार आरोपियों के होटल में रुकने की सूचना मिलने पर संदेह के आधार पर छापा मारा. तलाशी के दौरान उनके बैग से 50,000 के नकली नोटों की गड्डी बरामद हुई. नोटों की जांच के बाद पुष्टि हुई कि वे पूरी तरह से जाली हैं. इसके बाद पुलिस ने कमरे की गहन तलाशी ली, जिसमें विभिन्न सीरीज के नकली नोट, नोट छापने के लिए प्रयुक्त विशेष पेपर शीट, कलर प्रिंटर, लेमिनेशन शीट, लकड़ी के उपकरण, एक लैपटॉप और कई एटीएम कार्ड मिले. जिसके बाद जब्त सामग्री फॉरेंसिक जांच को भेजी गई है।
