
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के बैराड थाना सीमा मे आने वाले हरियाखेडी गांव मे बहन के घर आई एक 19 साल की युवती को मौत रास्ते मे मिल गई। मौत आसमान से बिजली बनकर युवती पर गिरी, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार करीना आदिवासी उम्र 19 साल पुत्री गंभीर आदिवासी, मूल रूप से ग्वालियर जिले के पनिहार थाने के ग्राम कांसेर की रहने वाली थी। वह अपने जीजा के साथ बहन शकुंतला के गांव हरियाखेड़ी आई थी। बहन के घर में खुशी का माहौल था और करीना गांव की जिंदगी में घुल-मिल गई थी। करीना गांव की अन्य महिलाओं के साथ खेत से काम करके वापस लौट रही थी। इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। आसमान में काले बादल छा गए और तेज गरज के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आसमान से तेज कड़क के साथ आकाशीय बिजली सीधे करीना के ऊपर आ गिरी।
बिजली की चपेट में आते ही करीना गंभीर रूप से झुलस गई और अचेत होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ी। उसके साथ मौजूद महिलाओं और परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे उठाकर तत्काल बैराड़ के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद करीना को मृत घोषित कर दिया।
