
ग्वालियर। जिले में एक महिला की मोबाइल पर पड़ोसी देवर के साथ बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हो गई, जिसके बाद उसे अपनी बदनामी का डर लगा और इसी सदमे में आकर जहर खा लिया. इस वजह उसकी मौत हो गई. महिला के पति ने रिश्तेदारों पर साजिश रचने, प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है. मामला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र का है, महिला की मौत के बाद परिजनों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार मोतीझील की रहने वाली ममता ने घर पर चूहामार दवा खा ली. हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पति रामहेत यादव का आरोप है कि ममता ने मौत से पहले उसे पूरी घटना के बारे में बताया था. रामहेत ने अपने छोटे भाई विनोद, उसकी पत्नी जूली, रेखा यादव और सुरेंद्र पर रिकॉर्डिंग वायरल करने, साजिश रचने और ममता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
*घर के बार स्पीकर पर तेज आवाज में बजाई रिकॉर्डिंग*
ममता की शादी 15 साल पहले हुई थीं. उसके दो बच्चे हैं और पति फल मंडी में मजदूरी करता है . पति का आरोप है कि देवरानी ने ममता के देवर सुरेन्द्र यादव से बातचीत रिकॉर्ड कर ली. जब उसने ममता से इस बारे में पूछा तो ममता ने बातचीत से इनकार कर दिया. इसके बाद देवरानी ने ममता और उसके पति की बातचीत की रिकॉर्डिंग घर के बाहर बड़ा स्पीकर रखकर चला दी, जिसका वीडियो भी वायरल हो गया. रिकॉर्डिंग मोहल्ले और रिश्तेदारों तक पहुंच गई. इससे ममता काफी आहत हो गई और उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.
*थाने पर परिजनों का हंगामा*
ममता की मौत की खबर मिलते ही परिजन थाने पहुंच गए. उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव कर हंगामा किया. पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच में सामने आए और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि महिला की किसी पुरुष से बातचीत होती थी. परिवार की महिलाओं ने बातचीत की रिकॉर्डिंग वायरल कर दी थी. इससे आहत होकर महिला ने आत्महत्या कर ली. मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
