
सिंगरौली । मोरवा थाना क्षेत्र के झिंगुरदह में डीजल चोरी की जानकारी कंपनी प्रबंधन को देने पर एक कर्मचारी के अपहरण, बंधक बनाकर चाकू से धमकाने और जबरन वीडियो बनवाने का मामला सामने आया है।
फरियादी मोहम्मद शाहिद की शिकायत पर विंध्यनगर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक मोहम्मद शाहिद उम्र 32 वर्ष कलिंगा कमर्शियल कॉरपोरेशन लिमिटेड के झिंगुरदह प्रोजेक्ट में प्लंबर के पद पर कार्यरत है। उसने कंपनी के वाटर टैंक से डीजल चोरी होने की जानकारी अकाउंटेंट को दी थी। आरोप है कि 17 अक्टूबर को कंपनी ने साक्ष्य जुटाकर डीजल चोरी करते हुए तीन लोगों को पकड़ा और उनकी ड्यूटी होल्ड कर दी। इसके बाद शाहिद को धमकियां मिलने लगीं। वहीं फरियादी के अनुसार 18 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे झिंगुरदह शॉपिंग क्षेत्र के पीछे वाली सड़क पर उसकी मोटरसाइकिल रोककर चाबी निकाल ली गई। इसके बाद उसे प्रवीण तिवारी के कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया गया। आरोप है कि वहां प्रवीण तिवारी पिता शारदा प्रसाद तिवारी, प्रवीण कुमार तिवारी पिता रामबहोर तिवारी, अनुराग त्रिपाठी, राकेश और अन्य लोग मौजूद थे।
चाकू दिखाकर झूठा वीडियो बनवाने का आरोप
शाहिद का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाया और उस पर अनिल साहू तथा अरविंद दुबे को डीजल चोरी का जिम्मेदार बताने के लिए दबाव बनाया। आरोपियों ने कथित तौर पर उसका वीडियो भी बनाया। शिकायत में रस्सी लाकर उसे फांसी पर लटकाने की बात कहने का भी उल्लेख है। इधर फरियादी के मुताबिक बाथरूम जाने की अनुमति मिलने पर वह बाहर निकला और मोटरसाइकिल की चाबी लगी देखकर वहां से भाग गया। वह पहाड़ी रास्ते से अनपरा पहुंचा और फिर अमलोरी जाकर अपने भाई को घटना की जानकारी दी। उसने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उसकी तलाश कर रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। विंध्यनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 126(2), 127(2), 296(ए), 351(3) तथा 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
