
जबलपुर, जबलपुर रांझी थाना अंतर्गत मानेगांव विद्युत सबस्टेशन में चल रहे मेंटेनेंस कार्य के कारण बिजली चालू न करने से नाराज होकर एक युवक ने न सिर्फ सबस्टेशन में घुसकर हंगामा किया, बल्कि ऑन-ड्यूटी ऑपरेटर के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गढ़ा के गजरथ नगर लाल बिल्डिंग निवासी शेखर यादव मानेगांव विद्युत सबस्टेशन में बतौर आउटसोर्स कर्मचारी ऑपरेटर के पद पर पदस्थ हैं। मानेगांव में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली का आवश्यक मेंटेनेंस कार्य चल रहा था, जिसके चलते नियमानुसार विद्युत सप्लाई बंद रखी गई थी। दोपहर करीब 12 बजे, मानेगांव सिद्धनगर के रहने वाले शरद पटेल ने अपने मोबाइल नंबर से सबस्टेशन के आधिकारिक नंबर पर फोन किया और तुरंत बिजली चालू करने का दबाव बनाया। ऑपरेटर शेखर यादव ने जब उसे बताया कि मेंटेनेंस का काम चल रहा है और 1 बजे से पहले लाइट चालू नहीं हो सकती, तो शरद पटेल फोन पर ही अभद्रता कर सबस्टेशन आकर देख लेने की धमकी दी। इसके बाद शरद पटेल सीधे मानेगांव सबस्टेशन के भीतर दाखिल हो गया। उसने ऑपरेटर शेखर पर दोबारा लाइन चालू करने का दबाव डाला। जब शेखर ने सुरक्षा कारणों से मना किया, तो आरोपी ने आव देखा न ताव शेखर पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से ऑपरेटर को चोटें आई हैं।
