
मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती-किसानी और औषधीय फसलों के क्षेत्र में समृद्ध मंदसौर जिला अब विकास के नए आयाम छू रहा है। जिले को ऐटलेन एक्सप्रेस-वे, गांधीसागर चीता प्रोजेक्ट और पशुपतिनाथ लोक जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। आने वाले समय में मंदसौर-नीमच को एयरपोर्ट सुविधा तथा परिवहन सेवा के माध्यम से भोपाल से सीधी कनेक्टिविटी भी मिलेगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीन तकनीक के उपयोग से मंदसौर में बेहतर खेती हो रही है। जिले की औषधीय फसलों की भी अलग पहचान है। एक जिला-एक उत्पाद के तहत मंदसौर के लहसुन की ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को अब दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास है, जिससे रात में सिंचाई की परेशानी कम होगी। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गांव-गांव दुग्ध समितियां बनाई जा रही हैं तथा ऑर्गेनिक दूध-घी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
किसान कल्याण के लिए बढ़ाया सिंचाई बजट
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सिंचाई योजनाओं के बजट में वृद्धि की गई है। वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया गया है। सोयाबीन में पीला मोजेक बीमारी का सर्वे कराया गया है तथा उपज से उद्यम योजना भी क्रियान्वित की जा रही है।
अपेक्स बैंक चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण, सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। दिन में बिजली उपलब्ध कराने से किसानों को रात में सिंचाई करने की परेशानी से राहत मिलेगी। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 255 करोड़ रुपए की लागत से दुग्ध संयंत्र का प्रावधान किया गया है।
जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित ने कहा कि सरकार 0 प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण और पर्याप्त बिजली सहित किसान हित में कई योजनाएं संचालित कर रही है। कप्तान सिंह ने कहा कि किसानों के सुझावों और मांगों के अनुरूप सरकार नीतियां बना रही है। पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि खेती को लाभ का धंधा बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। भावांतर राशि के लाभ के लिए किसानों के पंजीयन किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. मनुप्रिया यादव, नपाध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, एसपी विनोद कुमार मीना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। इस दौरान उन्नत कृषकों का सम्मान किया गया तथा कृषि प्रदर्शनी भी लगाई गई।
