
खिलचीपुर। गाडग़ंगा नदी में सोमवार को युवक का शव मिला है. शव छोटे पुल के पास पानी में डूबा हुआ था और ऊपर केवल सिर दिखाई दे रहा था. शव देख वहां बड़ी संख्या में लोगों का जमघट लग गया. हाट बाजार के समय मामला सामने आया. आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान तीसरे नाले के पास बने छोटे पुल पर लोगों की नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और स्थानीय युवक मुकेश मोगिया की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया.
जीरापुर निवासी अर्जुन सोनी के रूप में शिनाख्त
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अर्जुन सोनी (25) निवासी खिलचीपुर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में अपनी मां के साथ जीरापुर में रह रहा था. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अर्जुन सोनी की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था.
तीन महीने में तीसरी घटना
इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. गाडग़ंगा नदी में पिछले तीन महीनों के दौरान यह तीसरी शव मिलने की घटना है. स्थानीय लोगों के अनुसार 1 अप्रैल को जल मंदिर के सामने एक महिला का शव मिला था. वहीं 17 मई को गाडग़ंगा नदी से 40 वर्षीय मजदूर बिरम वर्मा का शव बरामद हुआ था. लगातार तीसरी घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में भय और बेचैनी का माहौल है. लोगों का कहना है कि नदी और आसपास के पुल क्षेत्रों में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
