

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में चलाए गए चार दिवसीय विशेष अभियान के दौरान चोरी, नकबजनी और ठगी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई एवं ठगी गई संपत्ति बरामद की है। तकनीकी विश्लेषण, साइबर इनपुट और सघन विवेचना के आधार पर विभिन्न जिलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ग्वालियर के कोतवाली थाना पुलिस ने हॉलमार्क कराने के नाम पर ग्राहकों का सोना लेकर फरार हुए एक ज्वेलर्स संचालक और उसके साथी को मेरठ से गिरफ्तार कर करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के 931 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए। वहीं डबरा सिटी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर फर्जी लूटकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 49.50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की। महाराजपुरा पुलिस ने वर्ष 2023 की चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर आठ लाख रुपये मूल्य की लाइसेंसी रिवॉल्वर, जेवरात और अन्य सामान जब्त किया।
मुरैना पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर 55 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति, हथियार, कारतूस, नकदी और वाहन बरामद किए। जबलपुर के गोहलपुर थाना पुलिस ने नकबजनी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।
देवास, भोपाल और इंदौर में भी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आधुनिक तकनीकों की मदद से अपराधियों को चिन्हित कर चोरी का माल बरामद किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन कार्रवाइयों से अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है तथा आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
