जबलपुर: मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दिवंगत अधिवक्ताओं की स्मृति में ‘एक पौधा राष्ट्र के नाम’ अभियान के तहत 501 पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विशाल धगट के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सानिध्य में अधिवक्ता एवं रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय छात्र परिषद के संयोजक धीरज सिंह ठाकुर ने अधिवक्ताओं को पौधे वितरित किए। इस अवसर पर न्यायमूर्ति धगट का सम्मान पत्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत भी किया गया।
पौधे पर्यावरण को करते है संतुलित
धीरज सिंह ठाकुर ने कहा कि दिवंगत अधिवक्ताओं को श्रद्धांजलि स्वरूप पौधों का वितरण एक नई और सार्थक पहल है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित भारत के निर्माण और प्रकृति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पौधे शुद्ध वायु, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा प्रत्येक वर्ष इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रशांत अवस्थी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता उपस्थित रहे।
