सीधी:जिले में अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में वर्षा से हुए नुकसान एवं राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर विकास मिश्रा ने बुधवार को सिहावल क्षेत्र के ग्राम भितरी एवं पहाड़ी का भ्रमण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर वर्षा से हुई क्षति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि अतिवृष्टि से हुई क्षति का त्वरित एवं नियमानुसार आकलन कर राहत प्रकरण तैयार किए जाएं। पात्र प्रभावितों को शासन के प्रावधानों के अनुसार राहत राशि एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और जहां तत्काल सहायता की आवश्यकता हो, वहां आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने क्षति के सर्वेक्षण में पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता बरतने तथा राहत प्रकरण तैयार करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखी जाए तथा मकान, फसल, पशु अथवा अन्य किसी प्रकार की क्षति होने पर संबंधित विभाग द्वारा तत्काल मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के कार्य में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए।
