कोलकाता, नेपाल में बुधवार को भोटेकोशी नदी में अचानक आए भयंकर जलप्रलय और बाढ़ के कारण भारी तबाही मची है, जिसमें अब तक 160 से अधिक लोगों की मौत की खबर है और करीब 750 लोग लापता हैं। इस त्रासदी की चपेट में पश्चिम बंगाल के कोलकाता से नेपाल यात्रा पर गया 30 पर्यटकों और 2 टूर मैनेजरों का एक 32 सदस्यीय ग्रुप भी आ गया है, जिनका बॉर्डर के पास इमिग्रेशन ऑफिस के पास से संपर्क टूट गया है।
राहत और बचाव कार्य तेज
नेपाल सरकार और नेपाली सेना द्वारा प्रभावित क्षेत्रों जैसे रसुवा, तिमुरे और स्याब्रूबेसी में राहत सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ खोज अभियान तेज कर दिया गया है। पश्चिम बंगाल सरकार भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय स्थापित कर लापता लोगों की सुरक्षित तलाश के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
हेल्पलाइन नंबर और अपील
आपदा के बाद से संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण परिवारों की चिंता बढ़ गई है। इसे देखते हुए राज्य पुलिस मुख्यालय (भवानी भवन) में विशेष हेल्पलाइन शुरू की गई है, ताकि प्रभावित परिवारों को सटीक जानकारी मिल सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आधिकारिक सहायता केंद्रों से संपर्क करें।

