
आलीराजपुर/जोबट। आलीराजपुर जिले में कम बारिश और बिजली की लो-वोल्टेज समस्या के कारण किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने मुख्यमंत्री से प्रभावित किसानों को राहत एवं मुआवजा देने की मांग की है। विधायक ने कहा कि जिले में बारिश की कमी के कारण किसानों की फसल प्रभावित हो रही है और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में किसानों को कम बारिश के साथ-साथ बिजली के लो-वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। किसान अपने खेतों में सिंचाई के लिए विद्युत पंप चलाना चाहते हैं, लेकिन पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। इसका असर फसलों पर पड़ रहा है और किसान आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहे हैं।
विधायक सेना महेश पटेल पूर्व में भी किसानों की इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर को पत्र लिखकर अवगत करा चुकी हैं। पत्र के माध्यम से उन्होंने जिले में कम बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रभावित किसानों को राहत देने, फसल क्षति का सर्वे कराने तथा नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की थी।
विधायक ने कहा कि इसके बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाना आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि आलीराजपुर जिले की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं और प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को उनकी मेहनत और फसल के नुकसान के अनुरूप शासन के नियमानुसार मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर लो-वोल्टेज एवं सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया जाए, ताकि किसान अपनी फसलों को बचा सकें।
विधायक सेना महेश पटेल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आलीराजपुर जिले के किसानों की स्थिति को देखते हुए जल्द राहत पैकेज एवं मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या को लेकर वे लगातार शासन और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रही हैं और किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास जारी रखेंगी।
