अरबिंदो अस्पताल में बवाल मरीज की मौत पर भड़के परिजन, महिला डॉक्टर का दबाया गला

इंदौर: शहर के प्रतिष्ठित अरबिंदो अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर तांडव मचाया. उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर पर जानलेवा हमला करते हुए उनका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया. इस दौरान डॉक्टर के साथ बर्बरता से लात घूंसे चलाए. ऐन वक्त पर वहां मौजूद नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ ने बीच बचाव कर डॉक्टर को उपद्रवियों के चंगुल से छुड़ाया, जिससे उनकी जान बच सकी. अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

उज्जैन के एक निजी अस्पताल में कल शाम रुखसाना पति शाहरुख मुल्तानी का सिजेरियन ऑपरेशन हुआ था. वहां तबीयत बिगड़ने पर उसे रात करीब 11:30 बजे इंदौर रैफर कर दिया था. परिजन रात 12:30 बजे रुखसाना को लेकर अरबिंदो अस्पताल पहुंचे. डॉक्टरों ने तत्काल उसे अटेंड कर बचाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन अत्यधिक गंभीर स्थिति होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. महिला की मौत की खबर सुनते ही परिजन आपा खो बैठे और उन्होंने सीधे उपचार कर रही महिला डॉक्टर पर ही हमला बोल दिया. मामले में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. नाईक का कहना है कि अरबिंदो अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा निजी चिकित्सकीय संस्थान है, जहाँ इंदौर सहित पूरे मालवा-निमाड़ अंचल से अत्यंत क्रिटिकल मरीज अंतिम उम्मीद के साथ रैफर होकर आते हैं.

इनमें से कई मरीजों के बचने की संभावना बेहद क्षीण होती है. इसके बावजूद डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम उन्हें बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देती है. अधिकांश मामलों में सफलता मिलती है, लेकिन कुछ मामलों में विफलता मिलने पर डॉक्टरों को ही निशाना बनाना और उन पर जानलेवा हमला करना कतई स्वीकार्य नहीं है. वहीं थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर का कहना है कि मामले में अभी जांच की जा रही है.

Next Post

​एटीएस की पूछताछ में ओसामा के भाषणों से वैचारिक प्रभाव डालने का पैटर्न आया सामने

Sat Jun 27 , 2026
भोपाल:देश विरोधी गतिविधियों में अरेस्ट हुए संदिग्ध लोगों से एटीएस की पूछताछ में सामने आए दावों के अनुसार, नईम अब्दुल्ला कथित तौर पर प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के पूर्व सरगनाओं ओसामा बिन लादेन और अल्जवाहरी के वीडियो, भाषण और उग्रवादी विचारों वाली डिजिटल सामग्री का इस्तेमाल कर युवाओं को प्रभावित करने […]

You May Like