कमाल नहीं दिखा पाया दिग्गजों का प्रचार

मालवा- निमाड़ की डायरी

संजय व्यास

अंचल में एकमात्र नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने सुसनेर में जीत हांसिल कर अपना कब्जा बरकरार रखा है. अंचल की अन्य नगर परिषद कुक्षी में किन्हीं कारणों से चुनाव स्थगित कर दिए गए थे. चूंकि 2023 के विधान सभा चुनाव में सुसनेर सीट कांग्रेस ने जीती थी, सो नगर परिषद के इस चुनाव में उसे विजयी होने की पूरी उम्मीद थी. परिषद चुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई मानते हुए यहां कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी थी. भाजपा न नगर परिषद अध्यक्ष के लिए प्रदीप सोनी को उतारा था तो कांग्रेस ने विष्णु प्रसाद पाटीदार को. कांग्रेस प्रत्याशी पाटीदार के प्रचार में पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री एवं राघोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह, भोपाल विधायक आरिफ मसूद, महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस, तराना विधायक महेश परमार सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने सुसनेर पहुंचकर जोरदार चुनावी माहौल बनाया था, पर कांग्रेस के प्रति यह माहौल मतदान में कमाल नहीं दिखा पाया और हार का सामना करना पड़ा. अध्यक्ष पद के अलावा भाजपा ने नगर परिषद के 15 वार्डों के पार्षद पद के चुनाव परिणाम में भी बढ़त दर्ज की. भाजपा के प्रत्याशी 9 वार्डों में विजयी रहे, जबकि कांग्रेस को 6 वार्डों में जीत मिली. अध्यक्ष पद के साथ ही वार्डों के परिणाम ने भी परिषद में भाजपा की स्थिति को मजबूत किया है. इसके लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भाजपा की स्थानीय इकाई की सराहना की है.

पंचायत में कांग्रेस-भाजपा को मिली-जुली सफलता

पंचायत चुनावों में जीत का आंकड़ा कांग्रेस भाजपा के लिए मिला-जुला रहा. देवास जिला पंचायत वार्ड-14 में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुनील अमान सिंह चौहान को जीत मिली. खातेगांव जनपद की साकट्या पंचायत में सरपंच के उपचुनाव में लक्ष्मीनारायण पटेल लच्छू चुनाव जीते. रतलाम जिले की इटावा माताजी पंचायत में भाजपा समर्थित कुशाल सिंह ने जीत हासिल की. बड़वानी जिले के निवाली जनपद पंचायत वार्ड-8 में कांग्रेस समर्थित अनीता गजानंद सोलंकी जीती. आलीराजपुर जिले की जनपद पंचायत सोंडवा के वार्ड क्रमांक 18 के उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी गीता (दलसिंह नरगांवा) ने शानदार जीत दर्ज की. थांदला विधानसभा क्षेत्र की पलासडौर ग्राम पंचायत में हुए चुनाव में कांग्रेस के चैनसिंह डामोर ने जीत दर्ज कर सरपंच पद हासिल किया. यहां विधायक वीरसिंह भूरिया के नेतृत्व में कांग्रेस ने अपनी पकड़ बनाए रखने में सफलता हांसिल की.

आप ने आत्म मंथन को मजबूर किया

आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले में जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 का उपचुनाव कांग्रेस-भाजपा के लिए झटका लेकर आया .भाजपा के कब्जे वाले इस वार्ड पर भाजपा के प्रतिनिधि सोलंकी के निधन के बाद पार्टी ने उनके पुत्र धर्मेश सोलंकी को उम्मीदवार बनाया था. आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कमलेश सिंगाड़ ने उलटफेर करते हुए जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया. कांग्रेस तीसरे नम्बर पर रही. इस क्षेत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद, मंत्री और विधायक कांतिलाल भूरिया का प्रभाव माना जाता है. वार्ड क्रमांक 6 में उनका गृह गांव मोरडूंडिया आता है. वहीं भाजपा के जिलाध्यक्ष भानू भूरिया का गृह गांव दोतड़ भी इसी क्षेत्र में है. इसके बावजूद इस छोटे से चुनाव में मिली असफलता उनके रण कौशल पर सवालिया निशान छोड़ रही है. अगले वर्ष 2027 में पंचायत चुनाव प्रस्तावित हैं. ऐसे में इस परिणाम को क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस की जमीनी स्थिति के संदर्भ में देखा जा रहा है. कुछ वर्षों से आम आदमी पार्टी आदिवासी अंचल में पैर पसारने की भरपूर कोशिश कर रही है. अब आम आदमी पार्टी की इस चुनाव में सफलता ने दोनों प्रमुख दलों के सामने स्थानीय स्तर पर अपनी पकड़ और संगठन को लेकर आत्ममंथन करने को मजबूर कर दिया है.

Next Post

सिंगरौली के सिधार में गहराया पेयजल संकट, खराब हैंडपंपों से परेशान ग्रामीण

Tue Oct 6 , 2026
सिंगरौली, सिंगरौली जिले की चितरंगी विधानसभा के सिधार पंचायत में ग्रामीण महीनों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, कई हैंडपंप खराब हैं, जिसके कारण आदिवासी परिवार नदी, नाले और झरनों का पानी इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हैंडपंपों की मरम्मत और […]

You May Like