
इंदौर. जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में सेंट्रल एक्साइज में पदस्थ कर्मचारी भरत चौहान पर शनिवार रात हुए हमले के विरोध में रविवार को हिंदूवादी संगठनों का आक्रोश फूट पड़ा. घटना के विरोध में कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. हंगामे के बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ.
घटना रात करीब 8:45 बजे की है. भरत चौहान अपने वाहन से जरूरी सामान लेने निकले और एक इलेक्ट्रिक दुकान के सामने रुके थे, तभी एक ऑटो चालक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी. विवाद बढ़ा तो ऑटो चालक ने आसपास की मेडिकल और कपड़े की दुकान से अपने परिचितों को बुला लिया. आरोप है कि तीनों ने मिलकर पहले गाली-गलौज की और फिर चौहान के साथ मारपीट कर दी. रविवार को इस घटना के विरोध में सुमित हार्डिया और धीरज यादव के नेतृत्व में हिंदूवादी कार्यकर्ता थाने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर की मांग की. थाने में मौजूद अधिकारियों से कार्यकर्ताओं की तीखी बहस भी हुई. स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर आना पड़ा. पुलिस अफसरों ने कार्यकर्ताओं को शांत करते हुए आवेदन लेकर प्रकरण की जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी वापस लौटे. जूनी इंदौर पुलिस ने संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे.
