शिक्षा का बंटाढार कर रहे सरकार पोषित संस्थान : गुप्ता

भोपाल, 26 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस के विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने आज सरकार पर विद्यार्थियों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य और उसकी प्रवृत्त संस्थाएं स्वयं ही मान्यताविहीन शिक्षा देकर बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा कर रही हैं।
श्री गुप्ता ने अपनी बात के समर्थन में संवाददाताओं से चर्चा के दौरान दावा किया कि सरकार ने 16 दिसंबर 2024 को विधानसभा के प्रश्न क्रमांक 1047 के उत्तर में यह बताया कि बैचलर ऑफ इलेक्ट्रोहोम्योपैथी एवं सर्जरी नाम के किसी कोर्स को सरकार के आयुष विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त नहीं है। उत्तर में यह भी बताया गया कि इस तरह की किसी काउंसिल को ना तो मान्यता दी गई है ना ही किसी अधिनियम के तहत इसका गठन किया गया है। सरकार ने यह भी बताया है कि भविष्य में भी बीईएमएस नामक किसी कोर्स को ना तो मान्यता देने का विचार है ना ही सरकार ऐसा कोई अधिनियम बनाने पर विचार कर रही है। इतने स्पष्ट उत्तर के बावजूद प्रदेश सरकार के शासकीय अटल बिहारी वाजपेई हिंदी विश्वविद्यालय में इन कोर्सेज का शिक्षण कार्य किया जा रहा है।
श्री गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय बच्चों को भ्रमित करते हुए ऐसे विज्ञापन जारी कर रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि शासन ने इन कोर्सों को मान्यता देने का लगभग निर्णय ले लिया है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय बच्चों के इस कोर्स में प्रशिक्षण भी ले रहा है। यह शासन के नाम पर निर्दाेष विद्यार्थियों के साथ धोखाधड़ी का मामला प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई निजी संस्था यह कार्य करती तो सरकार अभी तक कोर्स संचालकों को जेल भेज चुकी होती, किंतु जब सरकार की स्वयं की संस्थाएं इस तरह का अनियमित काम करने लगे तो बच्चों का भविष्य क्या होगा?

Next Post

यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और लेखिका महादेवी वर्मा की जयंती पर किया नमन

Wed Mar 26 , 2025
भोपाल, 26 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्वतंत्रता सेनानी और हिन्दी की प्रख्यात लेखिका श्रीमती महादेवी वर्मा की जयंती पर सादर नमन किया है। डॉ यादव ने एक्स पर की गई पोस्ट में कहा कि प्रकृति, संवेदना और जीवन के विविध आयाम और अनछुए पहलुओं को […]

You May Like