
नीमच। मनासा क्षेत्र में ग्राम बडक़ुआं और चपलाना के बीच सोमवार सुबह रामदेवजी मंदिर के पास एक तूफान वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गया। हादसे में वाहन सवार करीब 10 लोग घायल हो गए। वाहन में करीब 13 से 14 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। सभी लोग रतनपिपलिया, तहसील मल्हारगढ़, जिला मंदसौर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मालवीय समाज के लोग तूफान वाहन से भमेसर में आयोजित गमी के कार्यक्रम एवं अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बडक़ुआं-चपलाना मार्ग पर रामदेवजी मंदिर के पास अंधे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। डायल-112 में तैनात पायलट राहुल भट्ट एवं अजय प्रताप सिंह ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल मनासा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
चार घायलों को नीमच रेफर किया
हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। इनमें संपत बाई पति कन्हैयालाल निवासी रतनपिपलिया नाहरगढ़, वाहन चालक राहुल पिता नंदराम निवासी झालरा, गोपाल पिता किशनलाल निवासी रतनपिपलिया तथा दिनेश पिता किशनलाल निवासी रतनपिपलिया शामिल हैं। सभी का नीमच जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने के वास्तविक कारणों की फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
