ईरान की सैन्य क्षमता खत्म: हेगसेथ

वाशिंगटन, 13 मार्च (वार्ता) अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका और इजरायल के निरंतर हवाई हमलों के कारण ईरान की सैन्य क्षमता अब लगभग समाप्त हो चुकी है।

उन्होंने पेंटागन में एक संवाददाता सम्मेलन में कड़े शब्दों में कहा कि ईरान की वायु सेना, नौसेना और हवाई रक्षा प्रणाली अब मिट चुकी हैं। ईरान की मिसाइल मारक क्षमता में 90 फीसदी और उसके हमलावर ड्रोनों की संख्या में 95 प्रतिशत तक की भारी कमी आयी है।

उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की हालिया गतिविधियों को उसकी ‘पूर्ण हताशा’ का प्रतीक बताया और कहा कि अमेरिकी सेना इस स्थिति से प्रभावी ढंग से निपट रही है। सैन्य कार्रवाई के आंकड़ों को साझा करते हुए श्री हेगसेथ ने बताया कि अमेरिकी और इजरायली वायु सेना ने मिलकर अब तक ईरान के 15,000 से अधिक महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया है। यह औसत प्रतिदिन 1,000 से अधिक हमलों का बैठता है, जो सैन्य इतिहास में विनाश की एक अभूतपूर्व गति है।

रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि अमेरिका की योजना ईरान की सभी सार्थक सैन्य क्षमताओं और रक्षा कंपनियों को पूरी तरह से नष्ट और अक्षम करने की है, जिसे जल्द ही अंजाम दे दिया जाएगा।

ईरान के नये नेतृत्व पर प्रहार करते हुए श्री हेगसेथ ने दावा किया कि नया सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई न केवल घायल है, बल्कि उसका चेहरा भी संभवतः विकृत हो चुका है।

श्री मोजतबा के जारी लिखित संदेश पर संदेह जताते हुए श्री हेगसेथ ने सवाल उठाया कि ईरान जैसे तकनीकी रूप से सक्षम देश में, जहां कैमरों और रिकॉर्डर की कोई कमी नहीं है, उनके नेता ने अपनी आवाज या वीडियो क्यों जारी नहीं किया। उन्होंने कहा कि श्री मोजतबा अपने पिता की मृत्यु के बाद भयभीत होकर छिपे हुये हैं।

 

 

 

Next Post

ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत दो छात्रों की मौत

Fri Mar 13 , 2026
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरगौर-खिरिया रोड़ पर राजेन्द्र कुर्मी के घर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई। घटना में बाइक पर सवार दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई। वहीं बाइक […]

You May Like