दमोह:दमोह के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नीमन तिराहा पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।आगरा से आलू लादकर जबलपुर जा रहा एक तेज रफ्तार 14 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया.हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई.दुर्घटना में ट्रक के चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं.हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवा 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ भेजा,जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
एक तरफ जहां पुलिस और प्रशासन राहत कार्य में जुटा था वहीं दूसरी तरफ हादसे का फायदा उठाने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. ट्रक पलटते ही सड़क पर बड़ी मात्रा में आलू बिखर गए, जिसे देखकर स्थानीय लोगों में आलू बटोरने की होड़ मच गई. लोग बोरियों और थैलों में आलू भरकर भागते नजर आए.मौके पर बटियागढ़ पुलिस बल मौजूद है.पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
