
भोपाल। विधानसभा में आज राज्य के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी विधायक ब्रजेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा में आश्वासन दिए जाने के बाद भी उनके क्षेत्र को एक वन व्यवस्थापन अधिकारी नहीं दिया जा रहा और ये मांग दो विभागों के बीच लगातार लंबित है।
प्रश्नकाल के दौरान श्री सिंह ने कहा कि उन्होंने विगत सत्र में ध्यानाकर्षण के माध्यम से वन एवं राजस्व् सीमा विवाद निराकरण के संबंध में वन व्यवस्थापन अधिकारी की नियुक्ति का मुद्दा उठाया था। इस मामले में तत्कालीन समय में मंत्री द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद भी काम नहीं हुआ। उन्होंने ये भी कहा कि कलेक्टर भी इस मामले में विभाग से एक अधिकारी नियुक्त करने की मांग कर चुके हैं।
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपने उत्तर में कहा कि इस प्रकार की नियुक्ति का अधिकार सामान्य प्रशासन विभाग का है। इस पर विधायक श्री सिंह ने कहा कि वे सामान्य प्रशासन विभाग से इस बारे में प्रश्न लगाते हैं तो वाे राजस्व विभाग को भेज दिया जाता है। उन्होंने दोनों विभागों के बीच इस परेशानी का हल नहीं निकल पाने की बात कही।
अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने इस पर मंत्री श्री वर्मा को निर्देशित किया कि वे इस बारे में सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र लिख कर इस समस्या का तुरंत निराकरण कराएं।
