
उज्जैन। चाबी चोरी करने के बाद नौकरानी ने अलमारी से 3 लाख रुपए चोरी कर लिए। 2 साल के दौरान चोरी किए गए रूपयो की जानकारी सामने आने पर मामला पुलिस के पास पहुंचा। नौकरानी को हिरासत में लिया गया और चोरी किए गए 1 लाख 36 हजार 500 रुपए बरामद कर लिया गए। बाकी के रुपए नौकरानी खर्च कर चुकी थी। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेजा गया है।
माधव नगर थाना पुलिस ने बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिमा के समीप रहने वाली सेवानिवृत शिक्षिका के घर 2 साल से सुनीता पति बृजेश निवासी राजस्व कॉलोनी नौकरानी का काम कर रही थी। शनिवार को सेवानिवृत शिक्षिका ने शिकायत दर्ज कराई की उसके घर से तीन लाख रुपए चोरी हुए हैं। उन्होंने नौकरानी पर संदेह जताया। पुलिस ने नौकरानी को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की तो उसने 2 साल में रुपए चोरी करना कबूल कर लिया पुलिस ने बरामदगी के प्रयास किया तो उसके घर से 1,36, 500 बरामद हो गए। नौकरानी ने बताया कि उसने पहले ही अलमारी की चाबी चोरी कर ली थी इसके बाद धीरे-धीरे कर उसने रुपए चोरी करना शुरू किया। चोरी किए गए रुपए उसने घर खर्च और कुछ खरीदारी में खपा दिए हैं। थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि मामले में नौकरानी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है। पूछताछ में महिला आरक्षक सपना परमार और आशा बर्बे की भूमिका रही।
