
छिंदवाड़ा. शिवपुरी में 7 से 11 अक्टूबर तक आयोजित 70 वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जीवीतेश भावरकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ जीवीतेश ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का करेंगे प्रतिनिधित्व – राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के आधार पर जीवीतेश भावरकर का चयन आगामी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की जेवलिन थ्रो स्पर्धा के लिए हुआ है।
अब वे राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे और प्रदेश के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे। उपलब्धि पर जताई खुशी, दी शुभकामनाएं – जीवीतेश की इस शानदार सफलता पर खेल प्रेमियों, विद्यालय परिवार, कोच श्री सुमंत लकड़ा और उनके परिजनों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
