
शिवपुरी। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी के नक्षत्र गार्डन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं के साथ आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर भक्ति, संगीत और विचारों का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान ग्वालियर के प्रसिद्ध कलाकार साधु तिवारी, जिनकी आवाज का जादू देशभर में लोगों के सिर चढ़कर बोलता है। उन्होंने भजन के माध्यम से शानदार प्रस्तुति दी। “आवागमन मिटा दो भोले शंकर…” और “पार्वती-पार्वती, समझाने आए सप्तर्षि…” जैसे शिव भजनों पर साधु तिवारी की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने भी साधु तिवारी के साथ सुर से सुर मिलाए। दोनों की शानदार जुगलबंदी ने उपस्थित युवाओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भजन क्लबिंग के साथ आयोजित युवा संवाद में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने युवाओं के प्रश्नों को गंभीरता से सुना और उनके सवालों के उत्तर दिए। उन्होंने जेनरेशन-जी के युवाओं के विचारों, आकांक्षाओं और भविष्य को लेकर उनकी सोच को जाना।
कार्यक्रम में युवाओं की ऊर्जा, आधुनिक पीढ़ी के विचारों और भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिला। संगीत और संवाद के इस अनूठे आयोजन ने युवाओं के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया और शिवपुरी की यह शाम यादगार बन गई।
