होर्मुज जलडमरूमध्य में अज्ञात हवाई हमले की चपेट में आया जहाज, आग लगी : यूकेएमटीओ

ृलंदन, 13 सितंबर (वार्ता) होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक जहाज पर हुए अज्ञात हवाई हमले के बाद उसमें आग लग गयी। ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन संगठन (यूकेएमटीओ) ने रविवार को यह जानकारी दी।

यूकेएमटीओ ने बताया कि उसे घटना की पहली सूचना शनिवार को 23:00 जीएमटी पर मिली थी, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि जहाज पर हमला कब हुआ। समुद्री प्राधिकरण ने शुरू में कहा था कि चालक दल की स्थिति, जहाज को हुए नुकसान की सीमा और पर्यावरण पर किसी तरह के प्रभाव की जानकारी नहीं है। रविवार को जारी अपडेट में यूकेएमटीओ ने बताया कि कथित हमले के बाद जहाज में आग लग गयी।

यूकेएमटीओ ने कहा, “स्थानीय अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद थे और चालक दल के सदस्यों को निकालने में सहायता कर रहे थे।”

प्राधिकरण ने क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को “सावधानी बरतने” और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है। अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।

यह घटना अमेरिका-ईरान के जारी संघर्ष के बीच वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों की श्रृंखला के बीच हुई है। हाल में उत्तरी खाड़ी, ओमान की खाड़ी और इराक के तट से लगे समुद्री क्षेत्र में कई मालवाहक जहाजों को निशाना बनाया गया है।

ईरानी अधिकारियों ने रविवार को कहा कि दक्षिणी ईरान में क़ेश्म द्वीप के पास हेंगाम द्वीप के निकट एक वाणिज्यिक जहाज को निशाना बनाये जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। ईरानी सरकारी मीडिया ने इस घटना को अमेरिकी हमला बताया है। ताजा घटना से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के प्रमुख मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गयी है।

.....

Next Post

सीतारमण ने उजबेकिस्तान के वित्त मंत्री के साथ की बैठक

Sun Sep 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को राजधानी में उज़्बेकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और अर्थव्यवस्था व वित्त मंत्री जमशेद कुचकारोव से मुलाकात की। श्री कुचकारोव इस समय आधिकारिक यात्रा पर भारत में हैं। वित्त मंत्रालय ने बताया कि इस मुलाकात में दोनों […]

You May Like