काबुल 03 नवंबर (वार्ता) अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट का कार्यकाल आईसीसी टी-20 विश्वकप 2026 के बाद समाप्त होगा। एसीबी के मुख्य कार्यकारी नसीम खान ने कहा कि यह फैसला 2026 के बाद के एक बड़े विजन का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “जोनाथन ने हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे हमारे खिलाड़ियों को आत्मविश्वास बढ़ाने और दुनिया की सबसे मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबला करने में मदद मिली है। जैसा कि हम 2026 और उसके बाद के बारे में सोच रहे हैं, यह बदलाव अफगानिस्तान क्रिकेट को अगले स्तर पर ले जाने की हमारी बड़ी योजना का हिस्सा है।”
एसीबी के अध्यक्ष मीरवाइस अशरफ ने कहा, “अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से, मैं जोनाथन ट्रॉट को उनकी समर्पित सेवा और हमारी नेशनल टीम में लाए गए प्रोफेशनलिजम के लिए दिल से धन्यवाद देता हूं। उनके प्रयासों ने अफगानिस्तान क्रिकेट के विकास में एक महत्वपूर्ण दौर में मदद की है और हम उनके भविष्य के सभी प्रयासों में उनकी सफलता की कामना करते हैं।”
मुख्य कोच के तौर पर अपने कार्यकाल के बारे में ट्रॉट ने कहा, “अफगानिस्तान की राष्ट्रीय टीम के साथ काम करना और उनके जुनून, हिम्मत और महानता हासिल करने की भूख को देखना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। मुझे गर्व है कि हमने मिलकर क्या हासिल किया है और मैं हमेशा अफगान क्रिकेट का समर्थक रहूंगा। मैं टीम और अफगान लोगों को आने वाले सालों में लगातार सफलता की शुभकामनाएं देता हूं।”

