मुंबई, 23 सितंबर (वार्ता) एयर इंडिया समूह की किफायती विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस मुंबई के उपनगरीय इलाके नवी मुंबई में बने नये हवाई अड्डे से 20 दैनिक उड़ानें शुरू करेगी।
एयर इंडिया ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि वह नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 15 शहरों के लिए 20 से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू करेगी। ये उड़ानें हवाई अड्डे के संचालन के पहले चरण से शुरू होंगी। अगले साल के मध्य तक वहां से उड़ानों की संख्या बढ़ाकर रोजाना 55 की जायेगी जिनमें पांच दैनिक अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल होंगी। अगले साल के अंत तक एयर इंडिया समूह का लक्ष्य नवी मुंबई हवाई अड्डे से अपने परिचालन को 60 दैनिक प्रस्थान तक बढ़ाने की योजना है।
एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा, “हम नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन शुरू करने के लिए उत्सुक हैं, क्योंकि मुंबई एक से अधिक हवाई अड्डों वाले विश्व शहरों की श्रेणी में शामिल हो गया है। हमें अदानी एयरपोर्ट्स के साथ मिलकर नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को न केवल शेष भारत से जोड़ने वाले एक बिंदु के रूप में, बल्कि अपनी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति को देखते हुए, यात्रियों और कार्गो दोनों के लिए देश के प्रमुख वैश्विक पारगमन केंद्रों में से एक के रूप में विकसित करने में खुशी हो रही है।”
उल्लेखनीय है कि नवी मुंबई हवाई अड्डे का संचालन अडानी समूह के हाथों में है।
अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण बंसल ने कहा, “हमें अपने एक मूल्यवान एयरलाइन भागीदार के रूप में नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंडिया समूह का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। उनकी महत्वाकांक्षी विस्तार योजनाएं और वैश्विक दृष्टिकोण नवी मुंबई हवाई अड्डे को वैश्विक विमानन में एक मानक बनाने के हमारे उद्देश्य के साथ पूरी तरह से मेल खाती हैं।”
नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण पांच चरणों में किया जा रहा है। प्रारंभिक चरण में प्रति वर्ष दो करोड़ यात्रियों की क्षमता और पांच लाख टन कार्गो हैंडलिंग की दक्षता की उम्मीद है। पूरी तरह से तैयार होने पर इसकी क्षमता सालाना 90 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करने और 32 लाख टन कार्गो हैंडल करने की होगी।
