शिलांग, 03 अप्रैल (वार्ता) खेल एवं युवा मामलों के आयुक्त और सचिव डॉ. विजय कुमार डी. ने बताया कि मेघालय सरकार ने 2027 में राज्य में आयोजित होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों के लिये अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं और अब पूरे राज्य में टीमों को प्रशिक्षण की गतिविधियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।
डॉ. कुमार डी. ने कहा कि मेघालय को खेलों की महाशक्ति बनाने के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के दृष्टिकोण के अनुरूप, राज्य, खेल बुनियादी ढांचे, एथलीटों के विकास और युवाओं की भागीदारी में अभूतपूर्व निवेश कर रहा है।
डॉ. कुमार डी.ने बताया कि विभिन्न खेलों में टीमों की तैयारी और एथलीटों के विकास को बढ़ावा देने के लिए 27 राज्य खेल संघों को प्रथम चरण के रूप में 40 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा, “इस दृष्टिकोण के मूल में सरकार का भरोसे पर आधारित मॉडल है, जो संघों को कार्यात्मक स्वायत्तता के साथ सशक्त बनाता है। इस समर्थन ने संघों को स्वतंत्र रूप से खेल उपकरण खरीदने, प्रशिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति करने तथा विशिष्ट प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने में सक्षम बनाया है।”
डॉ. कुमार डी. ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, वर्तमान में पूरे राज्य में लगभग 2,000 एथलीटों को बेहतर बुनियादी ढांचे, नए नियुक्त प्रशिक्षकों और उपकरणों की सुलभता के साथ व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस बीच, खेल एवं युवा मामलों के विभाग ने ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ में दो स्वर्ण पदक जीतने के सराहनीय प्रयासों के लिए तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष और कंपाउंड डिवीजन के मुख्य प्रशिक्षक को हार्दिक बधाई दी। वर्तमान में, मेघालय पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की कुल पदक तालिका में 12वें स्थान पर है। छत्तीसगढ़ में आयोजित इन खेलों में मेघालय ने गुरुवार को अपना पहला स्वर्ण पदक जीता, जिसमें दोनों पदक कंपाउंड तीरंदाजी में आए।
