
सीधी। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा महिला संबंधी दो अलग-अलग प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
प्रकरण-01: विवाह का झांसा देकर शोषण-
दिनांक 23 सितंबर 2026 को एक 20 वर्षीय युवती द्वारा थाना मड़वास में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें आरोपी द्वारा विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने एवं बाद में विवाह से इंकार करने संबंधी आरोप लगाए गए थे। आवेदन की जांच एवं प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर धारा 69 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। घटना स्थल थाना कोतवाली क्षेत्र का पाए जाने पर प्रकरण थाना कोतवाली स्थानांतरित किया गया। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
प्रकरण-02: कॉलेजी छात्रा से मारपीट, मोबाइल छीनना एवं धमकी
एक कॉलेजी छात्रा द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई कि पूर्व परिचित युवक द्वारा लगातार फोन कर परेशान किया जाता था तथा दिनांक 13 मई 2026 को सीधी के एक सार्वजनिक स्थान पर उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट कर मोबाइल फोन छीन लिया गया। घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। बाद में आरोपी द्वारा मोबाइल वापस करते समय जान से मारने तथा फोटो वायरल करने की धमकी दिए जाने के संबंध में भी शिकायत की गई। शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस द्वारा प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की गई तथा आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
