भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ की नृशंस हत्या 

मंदसौर। जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हिंगोरिया बड़ा में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्यामलाल धाकड़ (45 वर्ष) की बीती रात उनके ही घर में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। यह जघन्य वारदात गुरुवार रात की है, जब धाकड़ अपने घर की दूसरी मंज़िल पर सो रहे थे। सुबह उनका शव खून से लथपथ अवस्था में परिवार वालों को मिला, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना प्रभारी प्रभात सिंह गौड़ सहित एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि हमला बेहद सुनियोजित तरीके से किया गया है।

मृतक श्यामलाल धाकड़ भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के निकटवर्ती माने जाते थे। उनकी लोकप्रियता और सामाजिक सक्रियता के चलते गांव व आसपास के क्षेत्र में उनका विशेष प्रभाव था।

घटना के बाद डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने इस हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन को दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि “श्यामलाल धाकड़ की हत्या दुखद और निंदनीय है। सरकार पूरी संवेदनशीलता से जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”

गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

पुलिस अधीक्षक मंदसौर द्वारा मामले की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Next Post

हरदा की घटना पर करणी सेना ने किया प्रदर्शन, कलेक्टर परिसर में दिया धरना 

Fri Jul 18 , 2025
खरगोन। हरदा में करणी सेना पर हुए लाठीचार्ज के बाद समूचे राजपूत समाज में आक्रोश व्याप्त है। इसका असर जिला मुख्यालय पर भी देखने को मिला। एक सप्ताह में दूसरी बार समाजजनों ने घटना की निंदा करते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग को लेकर मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। […]

You May Like