
कटनी। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर के कई वार्डों में नालियां जाम होने और पर्याप्त सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी गलियों एवं सड़कों पर जमा हो गया है। जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जागृति कॉलोनी अल्फा कैंटीन के सामने वाले गाली से लेकर कई स्थानों पर हालात ऐसे हैं कि सड़क और नाली का अंतर तक नजर नहीं आ रहा। घरों के सामने पानी जमा होने से रहवासियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों की परेशानी सबसे अधिक बढ़ गई है।
नागरिकों का आरोप है कि बारिश से पहले नालियों की पर्याप्त सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था समय रहते रोड का निर्माण न कराने के कारण को लेकर नगर निगम द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई गई। लगातार बारिश के बावजूद जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी के लिए आवश्यक इंतजाम नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है।
रहवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि जलभराव वाले वार्डों में तत्काल टीम भेजकर नालियों की सफाई कराई जाए और जमा पानी की निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
